संगठन
सांस्कृतिक स्रोत एवं प्रशिक्षण केन्द्र
(सीसीआरटी) की स्थापना भारत सरकार,
द्वारा मई, 1979 में की गई थी ।
सांस्कृतिक स्रोत एवं प्रशिक्षण केन्द्र
ने कॉलिज एवं स्कूल के छात्रों में
संस्कृति के प्रचार एवं प्रसार की योजना
अपने हाथों में ली है । जिसे सन्
1970 से दिल्ली विश्वविद्यालय द्वारा
कार्यान्वित किया जा रहा था, जहां इस हेतु
एक अनुसंधान एवं निर्माण विभाग कार्य कर
रहा था । वर्ष 1995 में सीसीआरटी
द्वारा मानव संसाधन और विकास मंत्रालय की
स्थायी संसदीय समिति की सिफ़ारिशों के
अनुसार उदयपुर तथा हैदराबाद में दो
क्षेत्रीय केन्द्रों की स्थापना की गई ।
सांस्कृतिक स्रोत एवं प्रशिक्षण
केन्द्र, भारत सरकार के संस्कृति
मंत्रालय के अधीन एक स्वायत्तशासी संगठन
के रूप में कार्यरत है ।
सीसीआरटी का मुख्य लक्ष्य अपने सभी
विकास कार्यक्रमों में छात्रों को
संस्कृति की महत्ता के प्रति जागरूक
बनाना है । इस हेतु देश भर के सेवारत
शिक्षकों, शिक्षक प्रशिक्षकों, शैक्षिक
प्रशासकों, छात्रों, युवाओं हेतु विविध
प्रशिक्षण कार्यक्रमों के आयोजन किये जाते
हैं ।
केन्द्र की सर्वोच्च सत्ता सोसाइटी के
पास निहित है जो एक नियंत्रक निकाय के रूप
में कार्य करती है । सोसाइटी के मामलों का
प्रबंधन, प्रशासन, निर्देशन तथा नियंत्रण
सोसाइटी की कार्यकारिणी समिति द्वारा
सोसाइटी के नियमों-विनियमों द्वारा किया
जाता है जिसकी सहायता वित्त समिति द्वारा
भी की जाती है ।
|