सांस्कृतिक स्रोत एवं
प्रशिक्षण केन्द्र की स्थापना शिक्षा के क्षेत्र में विशेष रूप से शिक्षा को
संस्कृति के साथ जोड़ने के क्षेत्र में कार्य करने के लिए की गई है । केन्द्र
ने अपने शैक्षिक कार्यक्रमों में कक्षा की पढ़ाई में सांस्कृतिक तत्वों के
समावेशन हेतु विभिन्न कार्यप्रणालियों का अध्ययन कर शैक्षणिक अनुसंधान का
आयोजन किया है । सीसीआरटी द्वारा प्रशासकों, शिक्षक प्रशिक्षकों, सभी स्तरों
के सेवारत शिक्षकों और छात्रों के लिए विविध प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजित
किया जाता है । इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों का ध्येय प्रतिभागियों को सभी रचनात्मक
अभिव्यक्तियों को प्रभावित करने वाले सौन्दर्यपरक एवं सांस्कृतिक मानदण्डों
के प्रति जागरूक बनाना है । ऐतिहासिक महत्व के स्थलों एवं संग्रहालयों आदि के
शैक्षिक भ्रमण, प्रतिभागियों को सीखने के विस्तारित केन्द्र के रूप में उपयोग
करने हेतु प्रोत्साहित करते हैं । तथापि विभिन्न शिक्षा संकायों में जुडाव
बनाये रखने के लिए सांस्कृतिक आधार का प्रयोग करते हुए परियोजना कार्य और
कार्य योजनाओं को तैयार करने पर मुख्य बल दिया जाता हैं । प्रशिक्षण कार्यक्रमों
में प्रतिभागियों को पारम्परिक कला एवं शिल्प में भी कुशलता प्राप्त करने का
सुअवसर दिया जाता है, ताकि इस ज्ञान का उपयोग छात्रों में निहित रचनात्मक
क्षमता को अन्वेषित करने में किया जा सके । प्रशिक्षण की सहायक सामग्री के रूप
में सीसीआरटी द्वारा कला और शिल्प पर ध्वनि रिकार्डिंग, स्लाइड और छायाचित्र,
फिल्म तथा अन्य ऑडियो-विडियो सामग्री एकत्रित की जाती है । जिसका उपयोग
भारतीय सांस्कृतिक परम्पराओं की विविधता और निरन्तरता के प्रति समझ व सराहना
उत्पन्न करने के लिए शैक्षिक सामग्री को तैयार करने के लिए किया जाता है ।
सीसीआरटी द्वारा भारतीय कला तथा शिल्प पर तैयार की गई ऑडियो-विडियो तथा
प्रकाशन सामग्री का सांस्कृतिक शिक्षा हेतु बड़े पैमाने पर उपयोग हो रहा है ।
हालांकि इनमें से कुछ सामग्री किसी विशेष कला, कला रूप पर प्रकाश डालती है, फिर
भी पाठयक्रम शिक्षण के विभिन्न विषयों को पढ़ने में भी उनका उपयोग किया जाता
है । प्रकाशन सामग्री में छात्रों तथा शिक्षकों के लिए सुझाई गई गतिविधियां
सचित्र सामग्री के सेट होते हैं । स्लाइड्स से वर्णन सहित सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों
के व्यापक क्षेत्र को प्रस्तुत किया गया है । पारम्परिक निष्पादन कलाओं और
एतिहासिक स्थलों पर ऑडियो-विडियो कैसेट्स जानकारी देने वाले है एवं उनका
सुरूचिपूर्ण ढंग से निर्माण किया गया है । सीसीआरटी, प्रतिभा सम्पन्न स्कूली
बच्चों के लिए सांस्कृतिक प्रतिभा खोज छात्रवृत्ति योजना कार्यान्वित कर रहा
है जिसमें बच्चों को उनके क्षेत्र की पारम्परिक कला एवं शिल्प का अध्ययन
करने के लिए छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है । सीसीआरटी ने उन शिक्षकों के लिए
भी कुछ पुरस्कार आरम्भ किए हैं, जो शिक्षा और संस्कृति के क्षेत्र में
सराहनीय कार्य कर रहे हैं ।
|